Rampur News: रामपुर में कांवड़ियों के लिए आठ अस्पताल और 14 एंबुलेंस हर समय तैयार
रामपुर। सावन में होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष व्यवस्था की है। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने कांवड़ियों के लिए एंबुलेंस से लेकर अस्पताल तक व्यवस्थाएं ठीक कराई हैं। कांवड़ यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. आरके वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। 14 एंबुलेंस प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां हर समय कांवड़ियों के लिए एंबुलेंस मौजूद रहेगी। जिला अस्पताल समेत आठ अस्पताल में दो-दो डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। वहीं 10 बेड भी जिला अस्पताल में कांवड़ियों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
मंगलवार से सावन महीने का आगाज हो चुका है। इस महीने में जनपद से बड़ी संख्या में शिव भक्त कांवड़ लेने के लिए ब्रजघाट या हरिद्वार जाते हैं। इसके अलावा अन्य जनपदों के कांवड़ियों का रेला भी हाईवे से होकर गुजरता है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशाासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रूट का डायवर्जन किया जा चुका है। अब स्वास्थ्य विभाग ने भी अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं।
सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि कांवड़ियों के स्वास्थ्य के नजरिये से सीएचसी मिलक, शाहबाद, बिलासपुर, स्वार व टांडा सहित पीएचसी चमरौआ और रजपुरा में स्वास्थ्य अधिकारी के अतिरिक्त एक-एक डॉक्टर की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वॉय और स्वीपर सहित 26 कर्मचारी लगाए गए हैं। इन सभी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार की 16 किटें उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं जिला अस्पताल में चार डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है और 10 बेड भी आरक्षित कर दिए गए हैं। जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान तबीयत खराब होने पर कांवड़ियों को तुरंत उपचार दिया जा सके। 14 स्थानों पर एंबुलेंस प्वाइंट बने हैं, जहां 24 घंटे एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। एंबुलेंस के लिए 102 और 108 नंबर डायल करना होगा।
इंसेट
शिवालयों में रविवार व सोमवार को लगेंगे हेल्थ शिविर
सावन में सोमवार को शिवालयों पर भक्तों की काफी भीड़ रहती है। इसलिए यहां पर रविवार व सोमवार को हेल्थ शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिससे शिवालय पर आने वाले कांवड़ियों और भक्तों को आकस्मिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा सके। जीरो प्वाइंट, दढि़याल, टांडा, धमोरा, मिलक में रविवार व सोमवार को हेल्थ शिविर का आयोजन होगा। शिविर में कांवड़ियों को आकस्मिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध रहेगी।
सभी अस्पतालों में उपलब्ध रहेंगे एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन
तमाम कांवड़िये पैदल ही कांवड़ लेने के लिए रवाना होते हैं। सड़काें पर नंगे पांव चलने के दौरान अक्सर सांप या जहरीले कीट द्वारा काटने का खतरा बना रहता है। सीएमओ ने बताया कि सभी अस्पतालाें में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन उपलब्ध रहेंगे। जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करा दी गई है।
यहां उपलब्ध रहेंगी एंबुलेंस -थाना टांडा
-कस्बा दढि़याल
-थाना स्वार
-थाना शाहबाद
-थाना सैफनी
-थाना मिलक
-धमोरा
-अजीतपुर पुलिस चौकी
-खौद चौकी
-मिलकखानम
-थाना बिलासपुर
-शिव मंदिर रठौंडा
-शिव मंदिर भमरौआ
-शिव मंदिर पंजाबनगर
क्या बोले सीएमओ
सावन महीने में कांवड़ियों के स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए डॉक्टरों और अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी प्रमुख शिवालयाें पर रविवार व सोमवार को हेल्थ शिविर लगेंगे।
– डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ रामपुर।