Rampur News: सावन के पहले दिन शिव मंदिरों में हुआ जलाभिषेक
रामपुर। सावन माह के पहले दिन जिलेभर के शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंज उठे। सुबह से ही लाइन में लगे भक्तों ने एक-एक कर जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भोलेबाबा को दूध, भांग, पुष्प, बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद मांगा। भमरौआ स्थित प्राचीन पातालेश्वर मंदिर में मंगलवार को सुबह से ही शिवभक्तों ने जलाभिषेक करना शुरू कर दिया था। शिवभक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, पुष्प, भांग, धतूरा, शहद, फल और प्रसाद अर्पित कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। पंजाबनगर स्थित ओम नागेश्वर मंदिर में भी सुबह से ही जलाभिषेक शुरू हो गया था। देर शाम तक मंदिर श्रद्धालु जलाभिषेक करते रहे। इसके साथ ही मंढ़ोली और बराखास स्थित प्राचीन शिव मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही।
कुछ श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट से गंगाजल लाकर जलाभिषेक किया। कोसी मार्ग स्थित शिव मंदिर, अजीतपुर स्थित शिव मंदिर, कृष्णा विहार स्थित शिव मंदिर, हाईवे स्थित शिव सांई मंदिर, खारीकुआं स्थित शिव मंदिर, जोकी राम की बगिया स्थित मंदिर, पुराना गंज स्थित माई के थान मंदिर, मुनीश्वर दत्त का मंदिर, पुराना गंज स्थित हरिहर मंदिर, मिस्टन गंज स्थित प्राचीन राधा कृष्णा मंदिर, न्यू आवास विकास कालोनी स्थित नर्मदेश्वर मंदिर, पुरानी आवास विकास शिव मंदिर, चीनी मिल गेट स्थित मनोकामना मंदिर, जिला पंचायत मार्ग स्थित शिव मंदिर समेत शहर के सभी मंदिरों में जलाभिषेक किया गया।