Rampur News: आधार से लिंक करते ही मदरसों से कम हुए आठ हजार छात्र-छात्राएं
रामपुर। मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों का यू-डायस पोर्टल पर आधार लिंक हुआ तो रामपुर में आठ हजार छात्र-छात्राएं कम हो गए। पिछले शैक्षिक सत्र 2022-23 में जिले के 175 मदरसों में अध्ययनरत बच्चों की संख्या 48 हजार के आसपास थी, जोकि इस साल 40 हजार रह गई है। बच्चों की संख्या कम होने पर मदरसों में पंजीकरण में फर्जीवाड़े का संदेह है।
दरअसल, पिछले साल तक मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों का पंजीकरण बिना आधार कार्ड के हो जाता था। इस साल स्कूलों की तरह मदरसों में भी यू-डायस पोर्टल पर छात्र-छात्रा का विवरण दर्ज कराया गया है। इसके सत्यापन के बाद ही छात्र-छात्रा को छात्रवृत्ति दी जाएगी। पोर्टल पर जैसे ही बच्चे की फीडिंग होती है। दूसरे स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के नाम स्वत: ही बाहर हो जाते हैं। जिले में पिछले साल तक 175 मदरसों में 48 हजार बच्चे पंजीकृत थे।
इस साल अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने सभी मदरसों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को 31 जुलाई तक यू-डायस पोर्टल पर फीडिंग का मौका दिया था। जिसमें जिले में आठ हजार बच्चे कम हो गए हैं। पोर्टल पर मदरसों की ओर से 40 हजार छात्र-छात्राओं का विवरण दर्ज कराया गया है। ऐसे में बच्चों की संख्या कम होने से मदरसों में फर्जीवाड़े के संकेत नजर आ रहे हैं। हालांकि, विभाग ने सभी मदरसों को संपूर्ण छात्र-छात्राओं का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के लिए 30 अगस्त तक की मोहलत दी है। इसके बाद कम संख्या वाले मदरसों पर कार्रवाई के आदेश हैं।
मदरसों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का विवरण आधार संख्या के साथ यू-डायस पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इसमें लापरवाही पर मदरसों को चेतावनी दी है। 30 अगस्त तक विवरण पोर्टल पर अपलोड करना है।
– अंकित कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामपुर।