Rampur News: 100 बेसिक स्कूलों में नहीं चलेगी कक्षा एक
शिवम प्रताप सिंहरामपुर। बेसिक विद्यालयाें का कायाकल्प हो रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी जोर है। उसके बाद भी सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या का घटना चिंताजनक है। जिले में 100 विद्यालय ऐसे हैं जिनमें इस सत्र में एक भी नया दाखिला नहीं हुआ है, यानी इन विद्यालयों में इस साल कक्षा-एक का संचालन नहीं होगा, क्योंकि कक्षा एक के छात्र कक्षा दो में पहुंच गए हैं।
शैक्षिक सत्र 2023-24 में नए सत्र के शुभारंभ में अप्रैल से जुलाई तक स्कूल चलो अभियान चला। इसमें विभाग के अधिकारी-कर्मचारी से लेकर शिक्षक जुटे रहे। घर-घर जाकर सर्वे के आधार पर भी स्कूल न जाने वाले बच्चों को चिह्नित कर नामांकन कराए गए थे। इसके बावजूद जिले भर में बेसिक के 100 स्कूल ऐसे हैं जिनमें इस साल कक्षा एक में प्रवेश के नाम पर एक भी बच्चे का दाखिला नहीं हुआ। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रेरणा पोर्टल में बच्चों के नामांकन की स्थिति दर्शाई जाती है। जिस पर रामपुर की स्थिति बेहद खराब है। कक्षा एक में शून्य नामांकन वाले विद्यालयों की सूची में रामपुर प्रदेश में सातवेें स्थान पर है। ऐसे में विभाग प्रेरणा पोर्टल के आंकड़े विभागीय दावों की अच्छे ढंग से कलई खोल रहे हैं।
बेसिक स्कूलों में घट गए 34 हजार बच्चे
शैक्षिक सत्र 2022-23 में जिले के 1599 बेसिक विद्यालयों में 1.99 लाख बच्चे पंजीकृत थे। जबकि चालू शैक्षिक सत्र में बेसिक स्कूलों में छात्रों की संख्या 1.65 लाख है। इस प्रकार पिछले सत्र की अपेक्षा इस बार 34 हजार बच्चे बेसिक स्कूलों में कम हो गए हैं।
ब्लॉकवार शून्य नामांकन वाले स्कूल
नगर क्षेत्र क्षेत्र में एक, बिलासपुर में 38, स्वार में 18, मिलक में 17, सैदनगर में छह, चमरौआ में सात और शाहबाद में 13 स्कूलों में एक भी नए छात्र का नामांकन नहीं हुआ है।
सूची के बारे में जानकारी नहीं है। इसकी जानकारी की जाएगी। शून्य नामांकन वाले जितने विद्यालय हैं, इसकी रिपोर्ट मंगाई जाएगी।
रामपुर में शून्य नामांकन वाले विद्यालयों की स्थिति चिंताजनक है। इसके लिए बीएसए से बात की जाएगी। यह भी हो सकता है कि दाखिले के वक्त शिक्षकों ने प्रेरणा पोर्टल पर बच्चे का विवरण नहीं दिया हो।