Rampur News: बिलासपुर में प्रवर्तन दल ने पकड़ा गेहूं का अवैध भंडारण
बिलासपुर। जिलाधिकारी द्वारा गठित प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को क्षेत्र की एक राइस मिल समेत दो स्थानों पर गेहूं के अवैध भंडारण को लेकर छापा मारा । छापे में दोनों स्थानों से टीम ने 2050 क्विंटल अवैध गेहूं का भंडारण बरामद कर लिया।
डिप्टी आरएमओ डाक्टर अनुपम निगम के नेतृत्व में प्रवर्तन दल की तीन सदस्यीय टीम ने शुक्रवार की दोपहर मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र की एक राइस मिल पर गेहूं के अवैध भंडारण को लेकर छापामार कार्रवाई की। टीम को देखकर राइस मिल के कर्मियों में हड़कंप मच गया। टीम प्रभारी के अनुसार राइस मिल में 2000 क्विंटल गेहूं का भंडारण निर्धारित मात्रा से अधिक पाया गया, जो अवैध भंडारण माना गया। टीम ने बरामद किए गए अवैध गेहूं को एसएमआई बिलासपुर के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान मिल परिसर में हंडकंप मचा रहा। इसके बाद टीम ने ग्राम टांडा हुरमत नगर में एक व्यापारी के घर पर छापामार कार्रवाई करके 50 क्विंटल अवैध रूप से भंडारण किए गए गेहूं को बरामद कर लिया। आरोप था कि उक्त व्यापारी बिना लाइसेंस के गेहूं खरीद कर अवैध रूप से भंडारण कर रहा था। टीम ने बरामद गेहूं पीसीयू क्रय एजेंसी के सुपुर्द कर दिया। टीम प्रभारी ने बताया कि छापामार कार्रवाई की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। टीम में डिप्टी आरएमओ डाक्टर अनुपम निगम, मंडी समिति सचिव उदयवीर सिंह गंगवार, एस एम आई राजेश कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।