Rampur News: मणिपुर मामले में भाजपा की मनमानी पर जताई नाराजगी
रामपुर। लोकसभा चुनाव नजदीक आ गया है। देश में कांग्रेस की उभरती सूरत ए हाल और ताकत को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बौखला गए हैं। ये बातें रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस महासचिव अरशद अली खान ने बैठक में कही। साथ ही उन्होंने मणिपुर हिंसा पर नाराजगी जताई। रविवार को कांग्रेस की बैठक में उन्होंने कहा कि मणिपुर हिंसा बेहद शर्मनाक है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। कहा कि हमें कोर्ट पर विश्वास है। मणिपुर हिंसा के दोषियों को जरूर सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन मणिपुर मामले पर चर्चा करना चाहता था, लेकिन सरकार मणिपुर मामले पर संजीदा नहीं थी, इसीलिए उसने इंडिया गठबंधन से चर्चा करना अच्छा नहीं समझा। कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार राहुल गांधी को जेल भेजना चाहती हैं। मोदी सरकार का यह सपना कांग्रेस कभी भी पूरा नहीं होने देगी। अब पूरे देश की निगाहें चार अगस्त और मुख्य न्यायधीश चंद्रचूड़ के फैसले पर टिकी हुई है, जिसका पूरे देश को बेसब्री से इंतजार है और यकीन है कि फैसला राहुल गांधी के हक में आएगा।