शहर विधानसभा में शीघ्र कराया जाएगा क्रिकेट टूर्नामेंट : विधायक
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि ग्रामीण इलाकों की स्थिति में सुधार होगा। साथ ही किसानों की आर्थिक दशा भी बेहतर होगी। उन्होंने गांव-गांव क्रिकेट की टीमें बनाने के साथ ही उन्हें क्रिकेट की किट देने का भरोसा दिया। कहा कि नगर विधानसभा क्षेत्र में क्रिकेट का एक टूर्नामेंट कराया जाएगा, जिसमें प्रत्येक गांव की टीम प्रतिभाग करेगी। यह बातें उन्हाेंने रविवार को ग्राम लालपुर पटटी कुंदन में करीब दस लाख रुपये की लागत से बनी सड़क के उद्घाटन के मौके पर कहीं। विधायक ने गांव में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना।उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही रामपुर सेवक कार्यालय के बारे में बताया। कहा कि अब अगला कदम गांव की खेल प्रतिभाओं को उभारना है। इसके लिए प्रत्येक गांव में युवाओं की दो क्रिकेट टीमों का गठन किया जाएगा। जिसके बाद पूरे नगर विधानसभा क्षेत्र का एक क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। विजयी टीमों को पुरस्कार देने के साथ ही उन्हें मंडल व प्रदेश स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त होगा।