Rampur News: विद्युत अव्यवस्था के विरोध में किसानों ने हंगामा कर एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तमाम कार्यकर्ताओं ने विद्युत अव्यवस्था के विरोध में मंगलवार को अशोकनगर बिजलीघर पर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीओ बिजली को ज्ञापन देकर बिजली की समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
क्षेत्र के तमाम किसान मंगलवार को जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल, ब्लाक अध्यक्ष दलजीत सिंह के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे अशोकनगर बिजलीघर में एकत्र हुए। किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सभी किसान जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में विद्युत विभाग के एसडीओ के कार्यालय में दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए और एसडीओ को घेराव कर अपने बैठा लिया। किसानों का आरोप था कि बिजली घर से ग्रामीण क्षेत्र में शेड्यूल के हिसाब से बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। हाईटेंशन लाइन जर्जर हैं, कई जगह इंसुलेटर टूटे हुए हैं और जगह-जगह लाइनें पेड़ों से टच हो रही है। जिस कारण पेड़ों में करंट पास हो सकता है जिससे कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। किसानों का यह भी आरोप था कि आधे किसानों की मोटर मेट्रो लाइन द्वारा चलाई जा रही हैं जबकि बाकी आधे किसानों को मेट्रो लाइन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। जिस कारण उन्हें मेट्रो लाइन के उपभोक्ताओं की तरह विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही हैं। उन्हें भी मेट्रो लाइन से जोड़कर विद्युत आपूर्ति की जाए। किसानों की मांग थी कि ग्राम सिहौर, गगनपुर व नया गांव में शिवनगर फीडर में लोहे के खंभे दूर होने के कारण तारें ढीली हो गई है। जहां-जहां आवश्यकता है नए खंभे लगाए जाएं। इस दौरान किसानों द्वारा एसडीओ अभय सिंह को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष दलजीत सिंह, निर्मल सिंह, सूरत सिंह, सुखविंदर सिंह, प्यारा सिंह, कृष्ण राज, कमलदीप सिंह, परमजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, सतीश कुमार, गुरविंदर सिंह, हरमन सिंह आदि किसान मौजूद रहे।