Shahjahanpur News: सराफा व्यापारी और उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 24 May 2023 01:03 AM IST
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की किसान गली निवासी नेशनल गन हाउस के संचालक राजेश मोहन अग्निहोत्री ने हाजी बिल्डिंग निवासी सराफा व्यापारी धीरज वर्मा उर्फ धीरू और उसके पिता वीपी वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों ने कारोबार के लिए 40.5 लाख की नकदी और 18 लाख का सोना-चांदी लिया था। बाद में रकम नहीं लौटाई।
राजेश मोहन अग्निहोत्री की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि धीरज वर्मा ने अपनी सराफा फर्म में लगाने के लिए वर्ष 2018 में ब्याज पर रुपये लिए थे। राजेश ने विभिन्न तारीखों में अपनी फर्म नेशनल गन हाउस के अलावा पत्नी उषा देवी, बेटी रश्मि, नेहा और दामाद अरुण देव शर्मा के खातों से 40.50 लाख रुपया दिया था।
इसके अलावा 243 ग्राम सोना और तीन किलो चांदी भी व्यापार के लिए दी। सोना-चांदी की कीमत भी 18 लाख थी। अगस्त 2021 तक धीरज से राजेश को ब्याज मिलता रहा। इसके बाद उसने ब्याज देने से इन्कार कर दिया। कहा, दुकान और मकान बेचकर उनका रुपया लौटा देगा। इसके बाद कई बार रुपये लौटाने के संबंध में वार्ता हुई, लेकिन हर बार टाल दिया। राजेश ने पुलिस को बताया कि आठ दिन से धीरज और उसके पिता से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने धीरज वर्मा उर्फ धीरू और उसके पिता वीपी वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।