Rampur News: टोल प्लाजा पर किसानों ने अभद्रता करने का आरोप लगाकर किया हंगामा
बिलासपुर। नैनीताल हाईवे स्थित कोयला टोल प्लाजा पर किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से जबरन टोल वसूली करने पर विरोध किया गया, जिस पर टोल प्लाजा मैनेजर ने किसान संगठन के लोगों से अभद्रता व गाली-गलौज की। इस पर कार्यकर्ता भड़क गए और हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने किसी तरह आक्रोशित किसानों को समझाकर मामला शांत करवाया।इस दौरान करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी रही।
नेशनल हाईवे पर कोयला टोल प्लाजा में शनिवार को रात करीब दस बजे टोल कर्मियों के ट्रैक्टर निकले। इस दौरान किसानों का आरोप है कि टोल प्लाजा वालों ने उनसे वसूली करने की कोशिश की। जिसके बाद मैनेजर द्वारा किसानों के साथ गाली-गलौज भी की गई। जिस पर सूचना पाकर वहां पर भाकियू भानु के प्रमुख राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ता टोल प्लाजा मैनेजर पर नियम विरुद्ध किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियों से जबरन टोल वसूली किए जाने व गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए रिपेार्ट दर्ज कराने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए व आक्रोशित किसानों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान हनीफ वारसी ने कहा कि टोल की शुरूवात के समय एनएचएआई के अधिकारियों ने जिला प्रशासन ,व्यापारियों व किसान नेताओं के बीच वार्ता के बाद ही यह निर्णय लिया गया था कि रामपुर से रूद्रपुर तक हाईवे चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने तक रामपुर जनपद के निवासियों से टोल की वसूली नहीं की जाएगी। कहा कि अगर टोल प्लाजा कर्मियों ने पूर्व वार्ता के विरुद्ध रामपुर से काठगोदाम तक हाईवे चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने से पूर्व जनपद के लोगों के वाहनों से टोल वसूली की तो आंदोलन किया जाएगा। किसानों के आक्रोश को देख प्रभारी निरीक्षक ने टोल प्लाजा मैनेजर को भी मौके पर बुला लिया तथा भविष्य में अभद्र व्यवहार न करने की हिदायत देते हुए आक्रोशित किसानों को समझाकर मामला शांत कराया। वहीं प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि टोल प्लाजा मैनेजर पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए किसान हंगामा कर रहे थे। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया है। इस दौरान डाक्टर दयाशंकर,कामरान खान,सैयद जमाल आरिफ मियां,लतीफ अहमद,गुड्डू,शफीक अहमद,हसीब वारसी,मुराद खान,आसिम रजा, इकरार हुसैन,साबिर अली,अनवर हुसैन,नजाकत अली,राशिद हुसैन,आसिफ अली,सफीक अहमद,गुड्डू,योगेश कुमार,अजय सिंह आदि मौजूद रहे। उधर टोल प्लाजा मैनेजर अनूप सिंह ने बताया कि एक कार सवार व्यक्ति द्वारा टोल लेन में खड़े किए वाहन को टोल लेन से बाहर खड़ा करने को कहने पर वह अभद्रता करने लगा तथा किसान संगठन के लोगों को बुला लिया।