Rampur News: पिटाई के डर से घर छोड़कर भागा किशोर वापस लौटा
रामपुर। बिलासपुर के एक मेडिकल स्टोर पर काम करने वाला रेहान (17) दस दिन पहले माता-पिता की पिटाई के डर से घर छोड़कर दिल्ली चला गया था। बृहस्पतिवार की शाम को वह मेडिकल स्टोर पर वापस लौट आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि नगर के मोहल्ला साहूकारा निवासी फल विक्रेता नासिर अली ने कोतवाली में 18 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र रेहान नगर के मुख्य चौराहे स्थित एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। आरोप था कि मेडिकल स्टोर से घर जाते समय उसका अपहरण हो गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
वहीं, रेहान के परिजनों ने मेडिकल स्टोर संचालक जितेंद्र मिश्रा पर आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया था। बृहस्पतिवार की शाम रेहान स्वयं ही मेडिकल स्टोर पर पहुंच गया। उसने मेडिकल स्टोर संचालक को बताया कि घर में भाई-बहन से झगड़ा हो गया था। जिसके कारण वह माता-पिता की पिटाई के डर से दिल्ली चला गया था। मेडिकल स्टोर संचालक ने तत्काल मामले की सूचना कोतवाली पुलिस और रेहान के परिजनों को दी। पुलिस किशोर को कोतवाली ले गई। बाद में कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद किशोर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।