Rampur News: हाईिडल कॉलोनी में अवैध कब्जा रोकने को करायी जाएगी फेंसिंग
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Thu, 27 Apr 2023 12:09 AM IST
रामपुर। हाइडिल कॉलोनी पर वर्षों से कब्जा कर रह रहे लोगों को हटाया जाएगा। अधिकारियों ने कॉलोनी पर से कब्जा रोकने के लिए जमीन कब्जामुक्त कराकर चारों ओर से तारबंदी कराने के लिए निर्देश दिए हैं। अभी तक यहां पर अधिकारियों के साथ चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी रह रहे थे, लेकिन देखरेख के अभाव में यह बदहाल होती गई, जिससे लोग छोड़कर अन्य जगह शिफ्ट हो गए थे। जिससे बाहरी लोगों ने यहां पर कब्जा कर लिया था।
रामपुर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश विद्युत वितरण मंडल का कार्यालय काफी सालों पहले बनाया गया था। जिस पर अधिकारियों और कर्मचारियों के रहने के लिए एक हाइडिल कॉलोनी भी कार्यालय से लगी हुई बनाई गई थी। यहां पर यहां पर 15-16 घर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और इसके अतिरिक्त अधिकारियों के लिए भवन बने हुए थे, लेकिन कुछ सालों से निदेशालय स्तर से इन भवनों की मरम्मत न होने के चलते यह जर्जर होते चले गए। इसके बाद पिछले दो तीन सालों में यह इतने जर्जर हो गए कि लोग यहां से छोड़कर अन्य जगह शिफ्ट होते चले गए। इसके बाद यह कॉलोनी खाली हो गई थी जबकि चंद कर्मचारी ही यहां पर रह रहे थे। यहां पर धीरे-धीरे बाहरी लोगों ने कब्जा कर लिया और यहां बस गए। बिजली विभाग अधिकारियों के कहने के बाद भी यहां से वह नहीं हटे। हटाने के लिए कोशिशें की गई, लेकिन नाकाम रहीं। विभाग ने भी कंधा डाल लिया था। अब एक बार फिर इस कॉलोनी से कब्जेदारों को हटाने का फैसला लिया गया है। इस बार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मकानों को कब्जामुक्त कराकर चारों ओर से तारबंदी करा दी जाएगी। जिससे बाहरी लोगों का प्रवेश बंद हो सकेगा।