रामपुर

Rampur News: बुखार का प्रकोप, जिले में मिला एक और डेंगू मरीज

Connect News 24

रामपुर। गांव-गांव बुखार का प्रकोप फैलने लगा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में इस सीजन में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 1324 मरीज पहुंचे। इसमें से बुखार के ही 250 से ज्यादा मरीज थे। वहीं जिले में पहला डेंगू मरीज भी मिला। शाहबाद ब्लॉक के कूप गांव निवासी मुनीशपाल (50) में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य टीमों ने गांव पहुंचकर मरीज के परिजन व अन्य लोगों के सैंपल लिए।कूप निवासी मुनीशपाल उम्र 50 वर्ष को एक सितंबर को बुखार आया था। हालत खराब होने पर परिजन इलाज के लिए उन्हें शाहबाद की सीएचसी ले गए। यहां रैपिड टेस्ट किट से डेंगू पॉजीटिव पाए गए। पुष्टि के लिए इनका सैंपल एलाइजा जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके बाद इनके गांव पहुंची स्वास्थ्य टीमों ने पहुंचकर मरीज के परिजनों व अन्य लोगों की जांच की। डेंगू-मलेरिया की जांच के लिए गांव में 52 लोगों के सैंपल लिए। इनमें किसी की रिपोर्ट पॉजीटिव नहीं आई।

गांव में चार घरों से मच्छरों का लार्वा मिला। जिसके बाद स्वास्थ्य टीमों ने 62 घरों व गली मोहल्लों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया। इधर, मिलक के गांव नई बस्ती में स्वास्थ्य टीम ने 10 बुखार पीड़ितों की जांच की। किसी में डेंगू अथवा मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई। जिले में डेंगू के छह और मलेरिया के आठ मामले निकल चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि डेंगू व मलेरिया के मामलों की निगरानी की जा रही है।

वहीं जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह आठ बजे से पंजीकरण होने शुरू हुए तो मरीजों की लाइनें लग गईं। सुबह 10 बजे ओपीडी में डॉक्टर कक्ष के आगे मरीजों की लाइनें लगी थीं, लेकिन समय पर डॉक्टर के न बैठने से मरीज परेशान हुए। अस्पताल में वायरल बुखार के रोगियों को देखने के लिए चार डॉक्टरों की ड्यूटी थी, लेकिन दोपहर में 11 बजे जनरल फिजीशियन के कमरा नंबर सात और आठ में डॉक्टर बैठे नहीं मिले। सर्जन का कमरा भी बंद पड़ा था। केवल जनरल फिजीशियन डॉ. डीके वर्मा मरीजों को देखते हुए मिले।

एक घंटे में वह 30 से अधिक मरीजों को देख चुके थे। हालांकि, 11 बजे के बाद ड्यूटी पर तैनात अन्य डॉक्टर अपने-अपने कक्षों में बैठकर मरीजाें को देखने लगे और मरीजों की भीड़ अस्पताल से कम हुई। डॉक्टरों के अनुसार मौसम में बदलाव की वजह से बुखार के मरीज बढ़े हैं। बुखार के 250 से अधिक मरीज इलाज को पहुंचे थे।

इंसेट

पैथोलॉजी लैब में 95 की हुई जांच

जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में दोपहर 12 बजे तक 95 रोगियों ने खून की जांच कराई थी। इसके बाद आने वाले मरीजों को वापस लौटा दिया गया। खून की जांच के लिए सैंपल देने को मरीजों की भीड़ लगी रही।

बुखार वार्ड में 16 मरीज हुए भर्ती

बुखार वार्ड में 16 नए मरीजों को भर्ती किया गया। इनमें चार बच्चे, छह महिलाएं और छह पुरुष थे। डॉक्टर इनका इलाज कर रहे हैं।

बयान
अस्पताल में सभी डॉक्टरों को नियमित रूप से समय पर मरीजों को देखने के निर्देश दिए हैं। जो डॉक्टर लापरवाही कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. एचके मित्रा, सीएमएस, जिला अस्पताल रामपुर।

डेंगू व मलेरिया के मामलों की निरंतर निगरानी की जा रही है। जिले में अब तक जो मामले आए हैं, सभी मरीज स्वस्थ हैं। अधिक से अधिक मरीजों की जांच की जा रही है। बीमारी के प्रति लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

-डाॅ. एसपी सिंह, सीएमओ रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button