Rampur News: खुफिया तंत्र के रडार पर आया फिजी का परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sun, 13 Aug 2023 12:06 AM IST
रामपुर। रामपुर में पिछले चार साल से छुपकर रह रहा विदेशी परिवार अब खुफिया तंत्र व जांच एजेंसियों के निशाने पर आ गया है। खुफिया तंत्र व जांच एजेंसियों से जुड़े अफसरों ने फिजी परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पूछताछ में खुफिया तंत्र को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं।
मेरठ पुलिस ने रामपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र की सेंट्रल कालोनी में रहने वाले सैय्यद फैजल असलम खां पुत्र सैय्यद करीम को दो दिन पहले मेरठ में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक फैजल फीजी नागरिक है। उसे पुलिस ने पासपोर्ट न होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। मेरठ पुलिस की पूछताछ से उसने खुलासा किया था कि वह रामपुर में परिवार समेत रह रहा है। वह 2019 में रामपुर में आया था। उसने रोबीना से विवाह कर लिया था। इसके बाद तीन बेटियां हुईं। पुलिस के अनुसार यह चारों लोग रामपुर में रह रहे हैं। पुलिस के अनुसार फैजल 26 फरवरी को 2019 को हांगकांग होते हुए भारत आया था। पुलिस के अनुसार तीनों बच्चे फीजी में पैदा हुए हैं। पुलिस व खुफिया तंत्र को यह जानकारी मिली है कि वह टूरिस्ट वीजा पर भारत आये थे। इनका वीजा 26 अप्रैल 19 को खत्म हो गया था। मेरठ पुलिस के इनपुट के बाद रामपुर पुलिस सक्रिय हो गई।खुफिया तंत्र व जांच एजेंसियों से जुड़े अफसरों ने फैजल के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। अभी एटीएस से जुड़े अफसरों ने भी इसको लेकर जानकारी मांगी है।
हांगकांग के रास्ते से भारत में हुई थी इंट्री
पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि फिजी नागरिक हांगकांग के रास्ते वर्ष 2019 में भारत आया। उसका परिवार रामपुर में रहने लगा,जबकि खुद फैजल मेरठ में रह रहा था। पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखी हुई है।