रामपुर

Rampur News: पांच हजार लाभार्थियों को उज्ज्वला कनेक्शन मिलने की जगी आस

Connect News 24

रामपुर। करीब चार साल से पांच हजार परिवार उज्ज्वला गैस कनेक्शन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। 2019 में इनके फार्म तो जमा हुए और सत्यापन भी हो गया, लेकिन बाद में कनेक्शन बंद कर दिए गए थे। अब सरकार ने योजना में नए लाभार्थियों को जोड़ने की बात कही है। तो इन छूटे परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन मिलने की उम्मीद है। नए लाभार्थी भी जोड़े जाएंगे।

उज्ज्वला योजना की शुरुआत के समय 2.80 लाख महिलाओं ने आवेदन किए थे। सत्यापन के बाद 2.27 लाख आवेदन सही पाए गए। इन सभी को मुफ्त गैस कनेक्शन बांटना शुरू किए गए। मुफ्त कनेक्शन के साथ ही एक भरा हुआ गैस सिलिंडर, चूल्हा भी मुफ्त दिया जा रहा था। दो चरणों में जिले में 2.22 लाख महिलाओं को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निशुल्क गैस कनेक्शन दे दिए गए। इसके बाद वर्ष 2019 में अचानक ही कनेक्शन देने से मना कर दिया गया। ऐसे में पांच हजार आवेदन कनेक्शन मिलने से रह गए।

दो दिन पहले केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में 75 लाख नई लाभार्थी महिलाओं को उज्ज्वला कनेक्शन दिए जाएंगे। ऐसे में जिनके आवेदन लंबित हैं, उन्हें वरीयता मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी इसको लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश अधिकारियों तक नहीं पहुंचे हैं।

इंसेट

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलेगी 400 रुपये की सब्सिडी

केंद्र सरकार ने हाल ही में उज्ज्वला के लाभार्थियों के लिए घोषणा की है। जिसके मुताबिक जहां गैस कनेक्शन धारकों को प्रत्येक सिलिंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी तो वहीं उज्ज्वला के लाभार्थियों को यह सब्सिडी दोगुनी यानी 400 रुपये दी जाएगी।

बोली महिलाएं

उज्ज्वला कनेक्शन दोबारा से मिलेंगे तो उम्मीद है कि इस बार लाभ मिल जाएगा। पहले आवेदन किया था, लेकिन कनेक्शन नहीं मिल पाया था।

फोटो-

-बब्बो, गृहिणी

कागजों में कमी की वजह से पहले आवेदन नहीं कर पाई थी। अब सरकार गरीबों को गैस कनेक्शन दोबारा से देगी तो इसका लाभ मिलेगा।

-रेखा देवी, गृहिणी

बयान-अभी उज्ज्वला योजना को लेकर शासन से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। केंद्र सरकार ने दोबारा से कनेक्शन देने की घोषणा जरूर की है। जो भी आदेश आएगा उसका पालन किया जाएगा।

-अभिषेक कुरील, जिला पूर्ति अधिकारी रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button