Rampur News: दो कारों और बाइक की भिड़ंत में चार लोग घायल
रामपुर। बाजपुर-स्वार मार्ग पर दो कारों और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो समेत चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना स्थल पर राहगीर और आासपास के लोग पहुंच गए और घायलों को स्वार सीएचसी पहुंचा दिया। दो घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। शनिवार को नगर के मोहल्ला चक निवासी मोहम्मद इमरान अपने पिता नसीम अहमद को कार से बाजपुर दवा दिलाने लेकर गया था। दोपहर बाद लगभग तीन बजे वापस लौटते समय अलीनगर उत्तरी के सड़क मझरा के पास पहुंचते ही अचानक कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई।
इसी दौरान स्वार दिशा से आ रही एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार मसवासी के मोहल्ला चाऊपुरा निवासी सुरेश चंद्र पुत्र गोपी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठा प्रीतम पुत्र सोहन लाल भी घायल हो गया। हादसे में कार सवार इमरान व उसके पिता को सीने पर गुम चोट आई हैं, जबकि दूसरी कार में सवार शेखर व उसके साथ बैठी महिला बच गई। उन्होंने अपना पता नहीं बताया। इस बीच घायलों को स्वार सीएचसी ले जाया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। डॉक्टरों ने सुरेश और प्रीतम को हायर सेंटर रेफर कर दिया। अभी घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है।

