रामपुर

Rampur News: मैंथा व्यापारी से मांगी रंगदारी, चार लोगों पर मुकदमा

Connect News 24

रामपुर। मैंथा व्यापारी से उत्तराखंड में रहने वाले उनके ही रिश्तेदार ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। साथ ही उनसे दो करोड़ की रंगदारी भी मांगी। मैंथा व्यापारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड के काशीपुर में रहने वाले पिता-पुत्रों समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के आदर्श कालोनी निवासी संजीव अग्रवाल मैंथा कारोबारी हैं। उन्होंने काशीपुर में सम्राट इंटरप्राइजेज के नाम से फैक्ट्री लगाई है। काशीपुर के मुहल्ला चामुण्डा विहार में उनके बहनोई राकेश अग्रवाल रहते हैं। उन्होंने फैक्ट्री से बैंक के लिए लोन लिया था। बहनोई की दोनों बहुओं को लोन में गारंटर बनाया था। उनका कहना है कि उनके बहनाेई और उनके दोनों बेटे आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। तीन जुलाई 2020 को आरोपी रिश्तेदार घर आए और जरूरत बताते हुए दो गाड़ियां देने को कहा।

उन्होंने अपनी फार्च्यूनर गाड़ी दे दी और दूसरी गाड़ी अपने दोस्त से दिलवा दी। इस बीच बहनोई और उनके बेटों ने उनसे करीब 37 लाख रुपये उधार मांग लिए थे। उन्होंने रिश्तेदारों से कारें और रुपये लौटाने को कहा तो आरोपी रिश्तेदार उन्हें धमकाने लगे। दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगने लगे। रुपये न देने पर उनके बेटे यश अग्रवाल को जान से मारने की धमकी दी। 15 नवंबर 2021 को बेटे के अपहरण का प्रयास किया और उस पर जानलेवा हमला भी किया। बेटे की खातिर उन्होंने 45 लाख रुपये दे दिए। एक बार जबरन एक लाख रुपये छीनकर ले गए।

31 जुलाई 2023 को फिर आरोपी उनके घर आ गए। कहने लगे कि अभी तक दो करोड़ रुपये पूरे नहीं दिए हैं। बाकी रकम जल्द न देने पर फिर जान से मारने की धमकी देने लगे। इस पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी शरद पवार ने बताया कि कारोबारी के उत्तराखंड के काशीपुर में चामुंडा में रहने वाले बहनोई राकेश अग्रवाल, उनके बेटों सौरभ और गौरव और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button