Rampur News: स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से युवक की मौत से किया इन्कार
रामपुर। सैदनगर क्षेत्र के गांव नगलिया आकिल में बुखार से वसीम (22) की मौत के बाद शुक्रवार को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांवों में बुखार के मरीजों की जांच की। जांच में कोई भी व्यक्ति डेंगू व मलेरिया से पॉजीटिव नहीं पाया गया। परिजनों का कहना था कि वसीम की मौत डेंगू से हुई है।
नगरिया आकिल गांव का रहने वाला वसीम डीफार्मा करने के बाद बेंगलुरू के एक अस्पताल में काम करता था। बुखार आने पर रैपिड टेस्ट कार्ड से हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। गांव आने पर उसकी हालत बिगड़ गई तो उसे परिजनों ने मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया था, जहां उसकी मौत हो गई।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि मृतक की एलाइजा जांच नहीं हुई थी। ऐसे में डेंगू से उसकी मौत की पुष्टि नहीं की जा सकती है। हालांकि, सतर्कता बरतते हुए शुक्रवार को गांव में स्वास्थ्य टीमों ने बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर दवा बांटी। 44 लोगों की मलेरिया व डेंगू की जांच की गई, लेकिन किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। स्वास्थ्य टीमों ने गांवों में लोगों को बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।