बरेली

Bareilly News: नगर पंचायत सदस्यों को बंधक बनाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज

Connect News 24

खुटार। नगर पंचायत सदस्यों ने चेयरमैन के प्रतिनिधि रवि सिंह सहित चार नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट बंधक बनाकर प्रस्तावों पर जबरिया हस्ताक्षर कराने का प्रयास करने, जातिसूचक गालीगलौज, हत्या का प्रयास, बलवा, एससीएसटी एक्ट आदि में दर्ज कराई गई है।

नगर पंचायत सदस्य मंगल सिंह, चंदन गुप्ता, शराफत खां, सुशील राठौर, सत्यप्रकाश, सदस्य सुधा देवी के पति सत्यपाल गुप्ता, पूनम मिश्रा के पति अनुज मिश्रा, सरोजनी गुप्ता के पति देवेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 29 अगस्त को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में चेयरमैन ने अपनी मर्जी से कई प्रस्ताव लिखवा लिए थे। सदस्यों ने मनमाने प्रस्तावों का विरोध किया था। 29 अगस्त की रात आठ बजे चेयरमैन के प्रतिनिधि रवि सिंह ने फोन कर सदस्यों को अपने आवास पर बुलाया था।

वे लोग मौके पर पहुंचे तो रवि सिंह, नगर पंचायत कर्मी राहुल सिंह उर्फ सोना, शुशविंदर सिंह, अतुल कश्यप और दस अज्ञात लोगों ने बैठक में लिखे गए प्रस्तावों पर हस्ताक्षर करने को कहा। मना करने पर रवि सिंह ने सदस्य मंगल सिंह से जातिसूचक गाली गलौज करते हुए पिस्टल से फायर कर दिया। फायर मिस होने से मंगल सिंह बच गए। मौके पर मौजूद अन्य सदस्यों और महिला सदस्यों के पतियों ने विरोध किया तो सदस्योंं को बंधक बना लिया गया। किसी तरह सदस्य मंगल सिंह, चंदन गुप्ता, शराफत खां, सुशील राठौर, देवेश गुप्ता रात 12 बजे वहां से निकल सके।

सत्यपाल गुप्ता और सत्यप्रकाश को रात डेढ़ बजे काफी खुशामद करने के बाद छोड़ा गया। धमकी दी कि कहीं भी शिकायत की तो जान से मार देंगे। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

सभी आरोप राजनीति से प्रेरित हैं

रवि सिंह हमारे प्रतिनिधि हैं। दर्ज रिपोर्ट में लगाए गए सभी आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। जांच में मामले का खुलासा हो जाएगा।

– मैना देवी, चेयरमैन नगर पंचायत खुटार

चुनाव में हार के कारण कुछ लोग खुन्नस मानते हैं। जनता ने जिसे चुना, वह जीता। मैं मैना देवी के साथ था, इस कारण षडयंत्र रचकर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

– रवि सिंह, प्रतिनिधि चेयरमैन खुटार


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button