Rampur News: किला क्षेत्र में सात घंटे, ज्वालानगर में चार घंटे बिजली रही गुल
रामपुर। शनिवार को किला क्षेत्र में देर रात बिजली सप्लाई चली गई। जिससे लोगों को गर्मी सताने लगी। काफी देर इंतजार करने पर भी जब सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी तो लोगों ने बिजलीघरों से संपर्क साधा, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिल सका। जिससे रात भर लोगों ने अंधेरे में और बिना पंखों के गुजारी। कई घरों में इन्वर्टर भी बेकार गए। सुबह तक लोगों की परेशानी बढ़ गई। बिजली के साथ पानी की कमी सताने लगी। करीब छह बजे बिजली सुचारू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली जबकि ज्वालानगर में रविवार की सुबह 11 बजे सप्लाई चली गई जो कि दोपहर करीब तीन बजे आ सकी। जिससे दिन भर लोग परेशान रहे।
रात 11 बजे के आसपास अचानक पूरे किला क्षेत्र में बिजली सप्लाई चली गई। जिसके बाद लोगों को पंखे बंद हो जाने से गर्मी सताने लगी। काफी देर बिजली न आने पर लोग मोहल्लों की गलियों में टहलने लगे और एक दूसरे के घरों की बिजली के बारे में जानकारी करने लगे। इसके बाद बिजली सप्लाई न आने की वजह पूछने के लिए रात को कुछ लोग बिजली घर पहुंचे तो कुछ लोगों ने फोन पर संपर्क साधा, लेकिन बिजली कर्मियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद लोगों की रात इंतजार करते कट गई। सुबह करीब पांच बजे जब लोग उठे तो पानी का संकट भी गहराने लगा। लोगों के घरों में टैंक न भर पाने की वजह से पानी की दिक्कत भी होने लगी। इधर, ज्वालानगर में सुबह करीब 11 बजे से बिजली सप्लाई चली गई। जिससे लोगों को गर्मी सताने लगी। धूप और तपिश के चलते लोगों को दिक्कतें शुरू हो गई। इसके बाद करीब तीन बजे बिजली सुचारू हो सकी। ऐसे में किला क्षेत्र में सात घंटे और ज्वालानगर क्षेत्र में चार घंटे लोग बिजली के लिए परेशान रहे।