Rampur News: धूप और गर्म हवा से लू का बढ़ा खतरा
रामपुर। गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवा से दिन में चैन नहीं तो रात में उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं हैं।
तेज धूप गर्म हवाओं की वजह से जनपद के हालात लू जैसे होते जा रहे हैं। बीते कई दिनों से चल रही गर्म हवाओं के कारण सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों दिनों में लू चलने के आसार बन सकते हैं। जिसके कारण राहत मिलने के आसार न के बराबर हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पश्चिम से गर्म हवा का चलना लगातार जारी है। गर्म हवाओं के कारण ही तापमान बढ़ा है। जमीन से लेकर वातावरण की नमी गायब हो रही है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।