Rampur News: पोस्टमार्टम हाउस में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 23 Aug 2023 12:46 AM IST
रामपुर। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने मंगलवार को जिला अस्पताल में स्थित पोस्टमार्टम हाउस का निरीक्षण किया। यहां पर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अस्पताल में खड़ी एक एंबुलेंस में आवश्यक संसाधन और उपलब्ध दवाओं के बारे में पता किया।
सीएमओ सुबह में 11 बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट मनोज कुमार व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विक्की ड्यूटी पर तैनात थे। पोस्टमार्टम हाउस में डॉ. पद्म सिह की ड्यूटी थी लेकिन वह आवश्यक कार्य के लिए सीएमओ ऑफिस गए हुए थे। यहां पर डॉक्टर कक्ष में लगे एसी में कटे हुए तार देखकर सीएमओ ने फार्मासिस्ट को तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि पोस्टमार्टम हाउस में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्ण रूप से बंद हो। अनावश्यक रूप से पोस्टमार्टम हाउस में किसी तरह की फोटोग्राफी न की जाए। पोस्टमार्टम हाउस में मृतकों के परिजनों से पैसे मांगने की शिकायत प्राप्त होती है तो तत्काल रूप से कार्रवाई की जाएगी। अंत में जिला अस्पताल में खड़ी 108 एंबुलेंस का निरीक्षण किया। एंबुलेंस में वाहन चालक व ईएमटी ड्यूटी पर मिले। साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। ऑक्सीजन मास्क गंदा और दवाएं लिस्ट के अनुसार व्यवस्थित न मिलने पर सुधार के निर्देश दिए।

