रामपुर

Rampur News: स्कूल जा रही छात्रा का अपहरण, रिपोर्ट दर्ज

Connect News 24

रामपुर। छात्रा को राह चलते परेशान करने की शिकायत रफदफा हो जाने के बाद बुधवार के दिन आरोपी युवक नाबालिग छात्रा को स्कूली रिक्शा से उतार कर भगा ले गया। परिजन ने उसे तलाश भी किया लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका जिसके चलते स्वार कोतवाली में युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस छात्रा की बरामदगी के लिए जगह-जगह दबिशें दे रही है। छात्रा के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी बेटी क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। एक सप्ताह पहले उसकी जानकारी में आया था कि एक युवक उसे राह चलते परेशान करता है। इस बात की शिकायत युवक के परिजन से की गई थी। तब युवक के परिजन ने युवक की गलती मानते हुए कहा था कि अब दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा। उनके इस आश्वासन के बाद मामले को पुलिस में जाने से रोक दिया गया था। छात्रा के पिता का कहना है कि बुधवार की सुबह उसकी 15 वर्षीय बेटी कई बच्चों के साथ रिक्शा से स्कूल जा रही थी कि रास्ते में पड़ने वाले कब्रिस्तान के निकट पहुंचते ही एक कार आकर रुकी और उसमें सवार युवक ने उसकी बेटी को रिक्शा से उतार कर कार में बैठा लिया जिसके बाद वहां से फरार हो गया। जब इस घटना के बारे में उसे पता चला तब परिजन के साथ उसे तलाश किया गया लेकिन सुराग नहीं लग सका।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक अरबाज के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल अजयवीर सिंह ने बताया कि छात्रा को बरामद करने के लिए टीमें गठित की गईं हैं। कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। बताया कि शीघ्र ही छात्रा को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आठ दिन पूर्व कार्रवाई करा दी जाती तो नहीं होती घटना

सात दिन पहले छात्रा को परेशान किए जाने की शिकायत अगर पुलिस में कर दी जाती तो शायद नाबालिग छात्रा को भगा ले जाने की घटना नहीं हो पाती। इस बात की चर्चा न केवल लोग कर रहे हैं बल्कि छात्रा के परिजन को भी इस बात का पछतावा हो रहा है। सात दिन पहले आरोपी युवक के परिजन ने बेटे की हरकत पर शर्मिंदगी महसूस कर आश्वासन दिया था कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button