Rampur News: वकीलों की हड़ताल के कारण वादकारी हो रहे परेशान
रामपुर/स्वार।
हापुड़ कांड को लेकर वकीलों की चल रही प्रदेशव्यापी हड़ताल 12वें दिन भी जारी रही। वकीलों के वाद कार्य न करने पर वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वकीलों का कहना है कि जब तक हापुड़ के डीएम-एसपी का तबादला नहीं किया जाता और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं होता हड़ताल जारी रहेगी।
बार काउंसिल के आह्वान पर वकीलों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। हड़़ताल के चलते वादकािरयों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर स्वार में बार एसोसिएशन और सीनियर बार एसोसिएशन से जुड़े वकील संयुक्त तौर पर बीते 12 दिनों से हड़ताल पर हैं। यह हड़ताल हापुड़ में पुलिस द्वारा वकीलों पर किए गए लाठी चार्ज के विरोध में है। वकीलों की मांग है कि हापुड़ के डीएम और एसपी को हटाया जाए और वकीलों के प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। इसके चलते स्वार के वकील मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। न्यायिक कार्य न किए जाने से वादकारी परेशान हैं। वह अपने मुकदमों में तारीख लेकर घरों को लौटने को मजबूर हो रहे हैं।