Rampur News: पेड़ से टकराई मैजिक, चालक की मौत
मिलक। नगर निवासी मैजिक चालक की थाना मीरगंज क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली जिला अस्पताल भिजवा दिया। हादसा नेशनल हाईवे स्थित थाना मीरगंज के ग्राम कुलछा पर हुआ।
नगर के मोहल्ला असदुल्लापुर निवासी 40 वर्षीय रमेश मैजिक चलाते थे। रविवार को वह मैजिक लेकर बरेली गए थे। मैजिक में सवारियां भरकर वहां से मिलक आ रहे थे। इसी दौरान मीरगंज थाना क्षेत्र के कुलछा गांव के समीप हाईवे पर मैजिक सड़क किनारे खाई में जाकर पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मैजिक में बैठी सवारियां मामूली रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़ ने मीरगंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक चालक के शव को मीरगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी सिमरन, बेटी निशा और तीन बेटे सैमी, विशाल और निखिल को छोड़ा है। मीरगंज कोतवाली प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि मैजिक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में मैजिक चालक की मृत्यु हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली जिला अस्पताल भेज दिया गया है।