Rampur News: 15 हजार रुपये के लिए कर दी थी मुर्तजा और कल्लू की हत्या
रामपुर। शनिवार रात महज 15 हजार रुपये लिए डबल मर्डर हो गया। दरअसल, तीनों आरोपियों पर मुर्तजा के रुपये थे। जिसको लेकर आरोपी काफी समय से टालमटोल कर रहे थे, इसके बाद रात को मुर्तजा और उसका भाई हनीफ और कल्लू बेटे अफरोज को लेकर उन लोगों से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मारपीट में मुर्तजा और कल्लू की मौत हो गई। दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।देर रात आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नियामतपुर इकरौटिया मूड़ापांडेय निवासी मुर्तजा और कल्लू निवासी मंसूरपुर दोनों दोस्त थे। इनके साथ गांव मंसूरपुर के सद्दाम, सतवीर और सहरिया निवासी इरफान का मिलना जुलना था। काफी समय पहले इन्होंने मुर्तजा से मेहनत मजदूरी के रुपये लिए थे, लेकिन उसके बाद से देने के नाम पर यह लोग टालमटोली करते रहे। काफी दिनों तक यह सिलसिला चलने के बाद शनिवार को मुर्तजा और कल्लू ने कोसी नदी के नीचे पंचायत बुलाई, जिसमें मुर्तजा के भाई हनीफ और कल्लू का बेटा अफरोज भी गए थे। इस दौरान यहां पर भांग का नशा भी किया जा रहा था। बातचीत चल रही थी कि इतने में हनीफ और अफरोज को शौच के लिए कोसी नदी से कुछ आगे चले गए थे। वहीं इस दौरान इरफान, सद्दाम और सतवीर में मुर्तजा और कल्लू के बीच रुपयों को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद सभी में आपस में मारपीट होने लगी और दरांती भी चलने लगी। इस दौरान मुर्तजा और कल्लू की मौत हो गई थी।
उधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल की। जिसमें सतवीर और सद्दाम को पुलिस ने कर्बला आगापुर मंसूरपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद रविवार को सुबह उनको जेल भेज दिया गया है। अभी आरोपियों के तीसरे साथी इरफान के लिए पुलिस तलाश रही है।
मामले का खुलासा कर दिया गया है। रुपयों के लेनदेन का विवाद था। जिसके चलते यह हत्याएं हुई थीं। दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है, जबकि तीसरे के लिए टीमे लगा दी गई हैं। -संसार सिंह, एडिशनल एसपी, रामपुर