Rampur News: एनआईए की टीम का रामपुर में छापा
रामपुर। गंज थानाक्षेत्र के गांव काशीपुर में मंगलवार तड़के एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम ने एक मकान पर छापा मारा। लगभग दो घंटे तलाशी लेेने के बाद टीम एक नोटिस देकर वापस लौट गई। हालांकि छापे में घर से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक जिसके मकान पर छापा मारा गया है, वह जयपुर में रहकर टेलरिंग का काम करता है।
रामपुर से सटे गांव में एनआईए की छापे से स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट पर आ गया है। प्रतिबंधित संगठन पापुलर फ्रंट इंडिया को टेरर फंडिंग और हिंसा फैलाने के मामले में बीते साल प्रतिबंधित कर दिया गया था। बावजूद इसके पीएफआई के सदस्य चोरी छिपे सक्रिय थे। उधर, एनआईए को रामपुर के गांव काशीपुर में पीएफआई की सक्रियता का इनपुट मिला था। इसके चलते मंगलवार तड़के एनआईए की टीम और स्थानीय पुलिस गंज थानाक्षेत्र के गांव काशीपुर में एक घर पर पहुंची। टीम ने दो घंटे से ज्यादा मकान की बारीकी से तलाशी ली। इसके बाद टीम नोटिस देकर वापस लौट गई। उधर, बताया गया है कि गांव निवासी एक व्यक्ति जयपुर में रहकर टेलरिंग का कार्य करता है। उसको लेकर ही एनआईए के पास कुछ सूचना थी। हालांकि दावा किया जा रहा है कि एनआईए को यहां पर कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला है। एनआईए की टीम को जांच में स्थानीय पुलिस और तहसील के अधिकारियों ने सहयोग किया।