Rampur News: पशुओं को लंपी से बचाने के लिए वैक्सीन नहीं
रामपुर। बीते साल लंपी वायरस देश में हजारों पशुओं को शिकार बना चुका है। जिले में भी लंपी वायरस से पशुओं की मौतें हुई थीं। इस साल लंपी को लेकर पशुपालन विभाग अलर्ट है, लेकिन बेजुबानों को इस बीमारी से बचाने के लिए विभाग के पास पर्याप्त संख्या में गोट पॉक्स वैक्सीन उपलब्ध नहीं हैं।
जिले में गोवंशीय पशुओं की संख्या एक लाख है। छुट्टा पशु भी बड़ी तादाद में हैं। इनको लंपी वायरस से बचाने के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। बीते दिनों पशुपालन विभाग की तरफ से 50 हजार वैक्सीन की डिमांड भेजी गई थी, लेकिन शासन से सिर्फ 10 हजार वैक्सीन मिली हैं। इन वैक्सीन से पशुओं को टीका लगाया गया। अब वैक्सीन खत्म हो चुकी हैं। जिसके चलते अभियान भी थम गया है। विभाग ने दोबारा से वैक्सीन की डिमांड भेजी है, लेकिन वैक्सीन न मिलने से विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। अगर बीमारी जिले में आ जाती है तो पशुओं को बचाना चुनौती हो सकता है। फिलहाल पशुपालन विभाग वैक्सीन की अगली खेप आने की उम्मीद है। तब ही टीकाकरण शुरू होगा।
पशुओं को लंपी वायरस से बचाने के लिए 40 हजार वैक्सीन की जरूरत है। अभी 10 हजार वैक्सीन मिली हैं, जिनसे टीकाकरण पूरा हो चुका है।