Rampur News: चीनी मांझा की तलाश में दुकानों पर पुलिस का छापा
रामपुर। प्रतिबंधित चीनी मांझे की धरपकड़ को पुलिस की ओर से अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने शहर के कई पतंग व मांझा विक्रेताओं की दुकानो पर रविवार की देर शाम छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पतंग विक्रेताओं में खलबली मच गई। पुलिस को हालांकि छापेमारी के दौरान चीनी मांझा पकड़ में नहीं आया। कई दुकानदार दुकान बंद कर खिसक गए। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।चीनी मांझा प्रतिबंधित होने के बाद भी शहर में बिक रहा है। इसकी बिक्री होने से शहर से लेकर गांवों तक इसका इस्तेमाल हो रहा है। पतंग के शौकीन लोग लगातार चीनी मांझे से पतंग उड़ा रहे हैं,जिसके चलते पिछले दिनों कई हादसे भी हो चुके हैं। रक्षाबंधन के दिन एक दो साल का बालक भी चीनी मांझे की चपेट में आ गया था, जिसकी वजह से बालक को 30 टांके भी आए थे।
लगातार चीनी मांझे से हो रहे हादसों को लेकर अमर उजाला ने मुद्दा उठाया, जिस पर अब पुलिस एक्टिव हो गई है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने शहर में चीनी मांझे की धरपकड़ शुरू कर दी है। गंज थाना प्रभारी लव सिरोही ने रविवार की शाम को अपनी टीम के साथ शहर के मुहल्ला घेर मियां खां, जेल रोड समेत कई इलाकों में पतंग की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस की टीम ने पतंग की दुकानों पर मांझे की चेकिंग की। हालांकि, पुलिस को चीनी मांझा नहीं मिल सका। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार दुकानें बंद कर खिसक लिए। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने चीनी मांझे की बिक्री को रोकने के लिए छापेमारी करने के आदेश दिए हैं। कहा चीनी मांझे का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। यदि कोई चीनी मांझा बेचते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस करती रही चेकिंग बाल-बाल बचा बाइक सवार
पुलिस चीनी मांझे की धरपकड़ कर रही थी। इस बीच गंज थाने के करीब एक बाइक सवार चीनी मांझे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। उसने समय पर बाइक रोक ली और फिर मांझे को खुद से अलग किया। इसके बाद वह वहां से चला गया।