Rampur News: तीन अक्तूबर से 144 केंद्रों पर शुरू होगी धान की खरीद
रामपुर। जिले में 144 केंद्रों पर तीन अक्तूबर से धान की खरीद शुरू हो जाएगी। धान न्यूनतम समर्थन मूल्य 2183 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। खरीद के लिए केंद्रों पर बैनर, बारदाना और ई-पॉप मशीन आदि के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैंं। धान बेचने के लिए तकरीबन 500 किसान पंजीकरण करा चुके हैं।
जिला खाद्य एवं विपरण अधिकारी कौशल देव ने बताया कि एक व दो अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश होने की वजह से धान की खरीद तीन अक्तूबर से शुरू होगी। सभी केंद्रों की जियो टैगिंग हो चुकी है। जियो टैगिंग के माध्यम से केंद्राें की लोकेशन ली जाएगी। निगरानी के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। ये टीमें सप्ताह में कम से कम चार बार किसी भी केंद्र पर छापामार कार्रवाई करेंगी। केंद्रों पर खरीदे गए धान का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किसान के खाते में एक सप्ताह से 15 दिन में कर दिया जाएगा।
एक अक्तूबर से बाजरा की सरकारी खरीद होने जा रही है। इसके लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। सदर तहसील में आगापुर में एक केंद्र बना है। इसके अलावा शाहबाद मंडी में दो और पटवाई, सैफनी व ढकिया में एक-एक क्रय केंद्र बना है। बाजरा की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है।
एजेंसी क्रय केंद्र
खाद्य विभाग 27
पीसीएफ 56
पीसीयू 38
यूपीएसएस 21
खाद्य निगम 02



