Rampur News: बारिश से तीन डिग्री कम हुआ तापमान, गर्मी से राहत
रामपुर। बुधवार को जिले भर में सुबह के समय हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट आई। दिन भर आसमान में बादलों का डेरा रहा, लेकिन उम्मीद के अनुरूप बारिश नहीं हुई। हालांकि दिन भर बादलों के रहने से अधिकतम तापमान तीन डिग्री तक कम रहा।
जुलाई के पहले पखवाड़े में जिले में जोरदार बारिश हुई। 15 दिनों में 198 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई थी। इसके बाद से लोगों को बारिश का इंतजार करना पड़ गया। मौसम विभाग ने 21 जुलाई से झमाझम बारिश के आसार जताए थे, लेकिन जिले में एक दो दिन को छोड़कर बारिश की एक बूंद न पड़ी। बुधवार को तड़के सुबह में मौसम का मिजाज बदला। सुबह पांच बजे आसमान में बादलों की काली घटा छाई थी और कुछ ही देर में बारिश भी शुरू हो गई।
20 मिनट तक बादल बरसने के बाद थम गए। इसके बाद दिन में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की सूचनाएं प्राप्त होती रहीं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बुधवार को रामपुर में दो से तीन मिमी बारिश हुई है। अब बादल बरसने शुरू होंगे। दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा है।
गन्ना और धान के लिए बारिश फायदेमंद
बारिश से जिले में गन्ना और धान की फसल को फायदा है। धान की रोपाई होने के बाद किसानों को इस वक्त में खेत में पहले पानी की आवश्यकता पड़ रही है। बारिश न होने से नलकूप या पंपसेट से सिंचाई करनी पड़ रही। बुधवार को बारिश से कुछ राहत मिली।
कृषि के लिहाज से बारिश फायदेमंद है। धान और गन्ने के खेत में किसानों को हल्की सिंचाई की आवश्यकता है। बारिश होती है तो किसानों का डीजल-बिजली का खर्चा कम होगा।