Rampur News: प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने की अस्पताल में तोड़फोड़
रामपुर। स्वार में रामपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद नवजात को रामपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। साथ ही अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। इसके चलते स्टाफ ताला बंद करके फरार हो गया। इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कोतवाली स्वार क्षेत्र के मोहनपुरा गांव निवासी अर्जुन सिंह की पत्नी विमलेश (24) वर्षीय को सोमवार के दिन प्रसव पीड़ा हुई थी जिसके चलते उन्हें स्वार में रामपुर रोड स्थित बिजली घर के सामने निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सक ने महिला के परिजन को नॉर्मल डिलीवरी का भरोसा दिलाया। हालांकि कि इस दौरान उसकी हालत बिगड़ती रही। सोमवार की रात महिला ने शिशु को जन्म दिया, लेकिन रक्तस्राव का कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते प्रसूता ने दम तोड़ दिया।
उसकी मौत से परिजन ने अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी कर डाली। स्थिति बिगड़ते देख स्टाफ और संचालक अस्पताल संचालक घबरा गए। हंगामा होते देख आसपास के तमाम लोग आ गए। उन्होंने किसी तरह मामला शांत किया। इसके बाद परिजन मृतका के परिजन शव लेकर चले गए और नवजात को रामपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद संचालक और स्टाफ अस्पताल में ताले डालकर फरार हो गया। अभी तक मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रसव के दौरान महिला की मौत की जानकारी नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत आती है तो जांच के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी। – केके चहल, नोडल अधिकारी।