रामपुर

Rampur News: बैठक से अनुपस्थित रहे टांडा सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक का वेतन रोका

Connect News 24

रामपुर। मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, सघन मिशन इंद्रधनुष एवं एनडीडी की बैठक हुई। बैठक में अनुपस्थित रहे सीएचसी टांडा के चिकित्सा अधीक्षक का सीडीओ ने वेतन रोक दिया।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि एनएचएम के अंतर्गत जारी की गई लिमिट के सापेक्ष मात्र 58 प्रतिशत धनराशि को व्यय की गई है। जिसमें सबसे कम प्रगति सीएचसी मिलक 41.53 प्रतिशत, सीएचसी शाहबाद 49.81 प्रतिशत, सीएचसी टांडा 34.69 प्रतिशत की थी। इस पर सीडीओ ने 15 दिन के भीतर शत-प्रतिशत नियमानुसार व्यय करने के निर्देश दिए। सरकारी अस्पतालों में हुए प्रसव के जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत समय से लाभार्थियों के भुगतान के निर्देश दिए।

बैठक में अनुपस्थित सीएचसी टांडा के चिकित्सा अधीक्षक का वेतन रोकने के आदेश सीएमओ डॉ. एसपी सिंह को जारी किए। सीएचसी शाहबाद में एचडब्ल्यूसी ओसी जर्जर हालत में है। इसके अनुमानित व्यय आंकलन के लिए लिए आरईएस और पीडब्ल्यूडी के समक्ष बैठक करने के निर्देश सीएमओ को दिए। संस्थागत प्रसव में कमी होने पर संबंधित एमओआईसी को निर्देश दिए कि जिस आशा के संस्थागत प्रसव अत्यधिक कम है उन्हें हटाने की कार्यवाही करें। उनके स्थान पर नई आशा की नियमानुसार नियुक्ति की जाए। जिन सीएचओ की ई-संजीवनी ओपीडी कम है उनके वेतन रोकने एवं वार्षिक वृद्धि पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

जुलाई माह में ब्लाक मिलक, शाहबाद, स्वार एवं सैदनगर में संस्थागत प्रसव में अत्याधिक कमी मिलने पर ब्लाक के केंद्र प्रभारी को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि कोटेदारों को एक पत्र जारी करें जिसमें अंत्योदय राशनकार्ड धारकों को तभी राशन वितरण करें जब वह लभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लें। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button