Rampur News: सैदनगर खंडिया की प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज
रामपुर। फर्जी तरीके से समितियों का गठन करने के मामले में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सैदनगर खंडिया की प्रधान साबरी बेगम के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए।
खंडिया निवासी ध्यान सिंह पुत्र रामस्वरूप ने शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत में समितियों के गठन के लिए 27 मई 2021 को खुली बैठक होनी थी, लेकिन ग्राम प्रधान की रिश्तेदारी में किसी की मृत्यु हो जाने के कारण बैठक स्थगित कर दी गयी। 14 जून 2021 को बैठक की गई, लेकिन ग्राम प्रधान ने 27 मई की बैठक को दिखाकर समिति गठन की कार्रवाई कर दी। बताया कि इसके बाद जब समिति के सदस्यों को इसकी जानकारी लगी तो सभी ने इसकी जांच कराने के लिए डीएम से शिकायत की थी। डीएम ने इसकी जांच कराई तो पता चला कि समितियों के गठन में कार्रवाई रजिस्टर में ओवर राइटिंग की गई है। साथ ही अन्य गड़बड़ियां भी मिलीं। इसके बाद समितियों का पुन: गठन करने के निर्देश दे दिए गए, लेकिन इसके बावजूद ग्राम प्रधान द्वारा पंचायत की बैठक करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर जिलाधिकारी ने सैदनगर खंडिया के प्रधान साबरी बेगम के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए हैं।