Rampur News: गैर हाजिर रहने पर बीईओ चमरौआ और एआरपी का वेतन रोका
रामपुर। शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने खंड शिक्षा अधिकारी चमरौआ और एआरपी का नवंबर माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। बैठक में आपरेशन कायाकल्प समेत अन्य योजनाओं को नवंबर माह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जनपद की ब्लॉकवार रैंक की सात पैरामीटर पर समीक्षा करते हुए सीडीओ नंदकिशोर कलाल ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पैरामीटर में सुधार करके ब्लाॅक रैंक में सुधार किया जाए। एआरपी विद्यालयों का यूनिट निरीक्षण करें। कहा कि सभी शिक्षक जो मेडिकल अवकाश लेते हैं, उनका फिटनेस होने से पूर्व मेडिकल बोर्ड से सत्यापन कराया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जो शिक्षिकाएं सीसीएल एप्लाई करती हैं, उनका सीसीएल तब ही स्वीकृत और फारवर्ड करें जब यह सुनिश्चित कर लें कि विद्यालय में कितने छात्र हैं। विद्यालय कितना निपुण हो गया है। कितने शिक्षक कार्यरत हैं। नेट परीक्षा का स्कोर क्या है और सत्र में कितनी बार अवकाश लिया गया है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराई जाए जो पिछले दो वर्ष में मेडिकल अवकाश या अन्य अवकाश पर रहे हैं। कहा कि विद्यालय जहां नामांकन 30 से कम है उनकी गहन समीक्षा कराई जाएगी। अगर 30 नवंबर तक निपुण नहीं किया जाएगा तो निलंबन या सर्विस ब्रेक करते हुए बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी भ्रमण कर देखें कि जो शिक्षक अनुपस्थित रहते हैं या देर से स्कूल जाते हैं, उन पर कार्रवाई कराई जाए।


