Rampur News: बिलासपुर ब्लॉक के तीन सहायक अध्यापकों का वेतन रोका
रामपुर। बेसिक विद्यालयों के भवन निर्माण में बजट के उपभोग का ब्योरा नहीं देने पर तीन सहायक अध्यापकों का वेतन रोका गया है। वर्ष 2020-21 में विद्यालयों के नए भवन का निर्माण कराने के लिए तकरीबन 40 लाख रुपये का बजट जारी किया गया था।
बिलासपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सुजानपुर के सहायक अध्यापक सुरेश कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय बदनपुरी की सहायक अध्यापिका बबीता सिंह और प्राथमिक विद्यालय भूकापुर के सहायक अध्यापक सुभाष चंद्र का वेतन रोका है। बिलासपुर के खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार सक्सेना ने बताया कि तीन साल पहले इन विद्यालयों की जर्जर हालत को देखकर नए भवन बनाए गए थे। सुजानपुर के विद्यालय को 11.42 लाख, बदनपुरी के विद्यालय को 11.43 लाख और भूकापुर के विद्यालय को 18.79 लाख रुपये आवंटित हुए। धनराशि को विद्यालय निर्माण से संबंधित एसएमसी खाते में भेजा था। विद्यालय के सहायक अध्यापकों को निर्माण प्रभारी बनाया। बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में सात विद्यालयों ने बजट उपभोग का कोई ब्योरा नहीं दिया था। ऐसे में इनको नोटिस दिए और तीन दिन के अंदर एसएमसी पासबुक का स्टेटमेेंट, चेकबुक पंजिका, भवन निर्माण समितित पंजिका, कैश बुक/लेजर बिल वाउचर एवं लेबर का मास्टर रोल आदि मांगा। जिसमें चार विद्यालयों ने ब्योरा प्रस्तुत कर दिया। तीन विद्यालयों से कोई जवाब नहीं आया है।