रामपुर

Rampur News: एनपीएस में 20 करोड़ का घपला, लेखाधिकारी को हटाने की मांग

Connect News 24

रामपुर। जिले में शिक्षकों की पेंशन धनराशि में गड़बड़ी का मामला प्रकाश में आने के बाद शिक्षक नेता मुखर हो गए हैं। शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों से सहमति लिए बिना उनकी पेंशन धनराशि निजी कंपनियों में निवेश करने के आरोप में वित्त एवं लेखाधिकारी को तत्काल प्रभाव से हटाने और उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग करते हुए डीएम को संबोधित एक ज्ञापन बीएसए संजीव कुमार को सौंपा।

शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल के नेतृत्व में जिले के शिक्षक बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 4600 शिक्षक हैं। जिनमें से 800 शिक्षकों के वेतन से प्रतिमाह एनपीएस (न्यू पेंशन स्कीम) की कटौती की जा रही है। इन शिक्षकों ने अपने वेतन से काटे जाने वाली एनपीएस की धनराशि को भारतीय स्टेट बैंक, एलआईसी और यूटीआई में जमा करने का विकल्प दिया था। विभाग को शिक्षक द्वारा दिए गए विकल्प के अनुसार ही धनराशि संबंधित उपक्रम को देनी थी।

ज्ञापन में शिक्षक संघ का कहना है कि वित्त एवं लेखा अधिकारी अशोक कुमार ने शिक्षकों की बिना सहमति लिए उनके एनपीएस खाते से धनराशि को एसबीआई, एलआईसी और यूटीआई से निकालकर एक प्राइवेट बैंक में जमा कर दिया है। ऐसे शिक्षकों की संख्या 480 है और अनियमित रूप से ट्रांसफर की गई धनराशि की अनुमानित धनराशि 20 करोड़ से अधिक है। इसके विपरीत लेखाधिकारी उन पर दबाव बना रहे हैं कि वह बैकडेट में लिखकर दें कि उन्होंने खुद ही अपनी धनराशि ट्रांसफर कराई है।

मांग करते हुए कहा कि लेखाधिकारी को तत्काल हटाया जाए और उनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाए तथा मामले की जांच के लिए प्रशासनिक कमेटी गठित की जाए। बीएसए ने संघ को आश्वस्त किया है कि उनका ज्ञापन जिलाधिकारी को प्रेषित कर दिया जाएगा। इस मौके पर जिलामंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता, उपमा रानी, महेंद्र प्रताप सिंह, जाहिद हुसैन, विवेक कुमार, दिलशाद वारसी, खालिद हुसैन, मनोज कुमार सागर, हरीश कुमार, सौरभ कुमार, गजेंद्र पाल सिंह, प्रहलाद सिंह , राहुल कुमार, आदि उपस्थित रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button