Rampur News: फर्जी नियुक्ति में विद्यालय की प्रबंध समिति निलंबित
रामपुर। शिक्षिका की फर्जी नियुक्ति मामले में शहर के ऊंची चौपाल स्थित जवाहरलाल पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रबंध समिति को निलंबित कर दिया है। विद्यालय पर नियंत्रक की नियुक्ति कर दी गई है। इस संबंध में एडी बेसिक मुरादाबाद बुद्ध प्रिय सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं। फर्जी नियुक्ति मामले में तीन दिन पहले विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ज्ञानेश्वरी देवी और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ बीएसए ने रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए थे।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता ने फरवरी 2023 में डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया था कि जवाहरलाल पूर्व माध्यमिक विद्यालय ऊंची चौपाल में एक महिला फर्जी नियुक्ति के आधार पर शिक्षण कार्य कर रही है। डीएम ने इसकी जांच मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति द्वारा कराई। जांच समिति द्वारा डीएम को आख्या प्रस्तुत की गई और बताया कि ज्ञानेश्वरी नाम की महिला की नियुक्ति फर्जी है। इस महिला ने नियुक्ति के समय न तो आवेदन किया था न ही साक्षात्कार समिति ने इसका नाम प्रस्तावित किया गया था और न ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा इसे नियुक्ति पत्र दिया गया था।
इस संबंध में बीएसए को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। जवाहरलाल पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरकार द्वारा वित्तीय सहायता प्राप्त है। यहां के शिक्षकों कर्मचारियों को राज्य सरकार अन्य सरकारी शिक्षकों के समान वेतन देती है । फर्जी नियुक्ति कर राजकोष से लाखों रुपये की धनराशि दिलाए जाने के आरोप में बीएसए संजीव कुमार द्वारा प्रबंध समिति के अधिकार समाप्त करने और विद्यालय पर नियंत्रक नियुक्त करने की संस्तुति मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक मुरादाबाद से की गई थी।
बीएसए की संस्तुति के आधार पर एडी बेसिक बुद्ध प्रिय सिंह ने स्कूल के प्रबंधक को 19 अगस्त को नोटिस देकर एक सप्ताह में उनसे पक्ष जाना था। प्रबंध समिति पर जांच में सहयोग न करना, फर्जी अभिलेख तैयार करना और राजकोष को क्षति पहुंचाना आदि के गंभीर आरोप हैं।। प्रबंधक द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर बृहस्पतिवार को एडी बेसिक बुद्ध प्रिय सिंह ने प्रबंधन समिति को छह माह अथवा अनियमिताओं के निस्तारण तक निलंबित कर दिया है। विद्यालय पर नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सक्सेना को नियंत्रक नियुक्त किया है।