Budaun News: इंटरसेप्टर मिला, ओवरस्पीड वाहनों पर अब लग सकेगी लगाम

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित करते एडीएम प्रशासन। सूचना विभाग
जिला सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पाॅट पर सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीएम प्रशासन ने कहा कि सभी ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता पर कराए जाएं। ओवरलोड वाहन, तेज गति से वाहन चलाने वालों, अनफिट, अवैध वाहनों व टैक्सी स्टैंड पर भी कार्रवाई हो। बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार ने ओवरस्पीड वाहनों पर लगाम लगाने के लिए नए 38 इंटरसेप्टर वाहन खरीदे हैं जिनमें से एक जिले को मिला है।
कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम प्रशासन ने कहा कि अवैध टैक्सी स्टैंड को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जाए।
एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने बताया कि पूर्व में मंडल में एक ही इंटरसेप्टर वाहन था। अब प्रदेश सरकार ने 38 नए इंटरसेप्टर खरीदे हैं जिसमें से एक बरेली व एक बदायूं को मिला है। इसके उपलब्ध हो जाने से तेज गति से वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाई जा सकेगी।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मनीष सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में 29 ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित किए गए थे, जिनमें से 12 पर ऑडिट का कार्य पूर्ण हो गया तथा 12 पर अल्पकालिक सुधार कार्य करा दिए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में विभाग के कुल 21 ब्लैक स्पॉट पर शासन से स्वीकृति और धनराशि प्राप्त हुई है। इनमें से 18 पर सुधारात्मक कार्य करा दिए गए हैं। तीन अवशेष ब्लैक स्पॉट्स पर कार्य कराए जा रहे हैं।
–
एक घंटे से ज्यादा न लगे बच्चों को लाने व ले जाने में समय
इस अवसर पर जिला विद्यालय यान समिति की बैठक भी हुई। जिसमें सभी विद्यालयों में समिति के गठन की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही स्कूली वाहनों की फिटनेस चेक करने के भी निर्देश दिए गए। स्कूल लाने व ले जाने के लिए बच्चों को एक घंटे से अधिक का समय न लगे, यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट रामजी लाल, एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम सहसवान प्रेमपाल सिंह, एसडीएम बिसौली कल्पना जायसवाल, डीआईओ आशुतोष चंदोला, डीआईओएस प्रवेश कुमार, एआरटीओ प्रशासन रामबचन आदि उपस्थित रहे।