Rampur News: पूर्व सभासद के पुत्र की बरेली में ट्रक की टक्कर से मौत
रामपुर। मिलक कस्बे के असदुल्लापुर निवासी पूर्व सभासद सोमपाल के 22 वर्षीय पुत्र शिवम की रविवार को बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में शंका पुल पर हुए हादसे मे मौत हो गई। वह बाइक से पीलीभीत से ननिहाल से घर आ रहा था। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिलक असदुल्लापुर निवासी पूर्व सभासद सोमपाल गोस्वामी का बेटा शिवम रविवार को पीलीभीत से अपनी ननिहाल से वापस घर आ रहा था। शाम करीब चार बजे बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिमी स्थित शंका पुल पर पहुंचने पर उसकी बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे शिवम बाइक समेत सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद एकत्र राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से आधार कार्ड से उसकी पहचान की और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। मृतक की मां रेशमा वर्तमान में सभासद हैं। परिजनों ने बताया कि मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक नगर में ही कपड़े का कार्य करता था।