Rampur News: स्टेट क्वालिटी मॉनीटर टीम ने जानी विकास कार्यों की हकीकत
रामपुर। मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की हकीकत जांचने के लिए शुक्रवार को राज्य सरकार की एक टीम शुक्रवार को जनपद में पहुंच गई। टीम में शामिल स्टेट क्वालिटी मॉनीटर लक्ष्मीनारायण ने पहले विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों संग बैठक की। इससे बाद गांवों का दौरा किया।
जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न होने पाए। इसके लिए शासन ने स्टेट क्वालिटी मॉनीटर नियुक्त किए हैं। शासन के निर्देश पर जनपद के लिए स्टेट क्वालिटी मॉनीटर लक्ष्मीनारायण को यहां पर स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा गया। शुक्रवार को वह अपनी टीम के साथ यहां पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले विकास भवन सभागार में डीसी मनरेगा मंसाराम यादव के साथ बीडीओ, इंजीनियर व कर्मियों संग बैठक की। मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद वह चमरौआ ब्लॉक के गांव तालाबपुर में पहुंचे। गांव में मनरेगा से बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क की गुणवत्ता चेक की। सीमेंटेंड ईंट का वजन किया और सड़क की लंंबाई व चौड़ाई मापी। बिलासपुर के गांव मनकरा में अधूरे पड़े अमृत सरोवर के निर्माण को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। टीम शनिवार को भी जनपद में रहेगी और मिलक ब्लॉक में कई गांवों का दौरा करेगी। इसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
कोट
मनरेगा के कार्यों में अभी तक हुई जांच में पारदर्शिता मिली है। कुछ गांवों में अमृत सरोवर का काम चल रहा जिसको समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। -लक्ष्मी नारायण, स्टेट क्वालिटी मैनेजर