Budaun News: उझानी में रेलवे प्लेटफार्म की हालत सुधरेगी

उझानी में प्लेटफार्म के उच्चीकरण के काम में जुटे मजदूर। संवाद
– प्लेटफार्म परिसर में लगेंगे टाइल्स, घास-फूंस उग आने वाले स्थान भी संवरेंगे
– ब्रॉडगेज लाइन अस्तित्व में आने के बाद पहले से प्रस्तावित था उच्चीकरण का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। ब्रॉडगेज लाइन अस्तित्व में आने के बाद अब उझानी रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म भी मानकों के अनुरूप नजर आएगा। प्लेटफार्म के उच्चीकरण का काम रेलवे ने शुरू करा दिया है। उच्चीकरण के तहत पूरे प्लेटफार्म पर टाइल्स लगाए लगेंगे। वहीं घास-फूंस उग आने वालों स्थानों को भी संवारा जाएगा।
व्यवसायिक नजरिए से जिले में अति महत्वपूर्ण स्टेशन की श्रेणी में शामिल उझानी स्टेशन हालांकि अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल हो चुका है, लेकिन प्लेटफार्म को ब्रॉडगेज लाइन की ट्रेनों के अनुरूप विकसित करने के लिए विभागीय स्तर से प्लेटफार्म का उच्चीकरण पहले से ही प्रस्तावित है। उच्चीकरण के साथ ही प्लेटफार्म को कुछ इस तरह से बनाया जाना है ताकि यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
प्लेटफार्म से जुड़े पूरे परिसर में टाइल्स भी लगाए जाएंगे।
परिसर में टाइल्स लगने के बाद परिसर में कहीं भी घास-फूंस नहीं उग सकेगी। प्याऊ और हैंडपंप भी साफ-सुथरे दिखेंगे। इसके लिए रेलवे की ओर से अलग से धनराशि अवमुक्त की गई है। उच्चीकरण का काम अगले महीने तक पूरा होने का अनुमान है। देखरेख भी रेलवे के निर्माण विभाग से जुड़े अफसर करेंगे।
अमृत भारत स्टेशन योजना में होना है सौंदर्यीकरण
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के जिन 17 रेलवे स्टेशनों को सौंदर्यीकरण समेत बेहतर स़ुविधाओं की बहाली के लिए शामिल किया गया है उनमें उझानी स्टेशन पर प्लेटफार्म तक आने-जाने के दो गेट, पार्किंग स्टेशन, प्लेटफार्म नंबर- दो का उच्चीकरण, लाइटिंग, पेयजल व्यवस्था शामिल है। चयनित स्टेशनों में बदायूं, फर्रुखाबाद, कासगंज, बरेली सिटी, पीलीभीत, लालकुआं, इज्जतनगर, बहेडी, गुरसहायगंज, किच्छा, रामनगर, टनकपुर, कन्नौज, हाथरस सिटी, काशीपुर और काठगोदाम भी हैं।
उझानी स्टेशन के प्लेटफार्म का उच्चीकरण रेलवे की विभागीय योजना के तहत किया जा रहा है। ब्रॉडगेज लाइन की ट्रेनों का संचालन होने के बाद प्लेटफार्म मीटर गेज लाइन के साइज का था। ब्रॉडगेज लाइन के प्लेटफार्म का एक मानक होता है, इसके लिए कार्य शुरू हो चुका है। जल्द ही प्लेटफार्म ब्रॉडगेज के मानकों के अनुरूप नजर आएगा। – विपिन कुमार, स्टेशन अधीक्षक