रामपुर

Rampur News: गर्मी का सितम… बत्ती गुल, अस्पताल फुल

Connect News 24

रामपुर। भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था चरमराने से लोग बेहाल हैं, वहीं अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। रविवार रात 12 बजे से पांच बजे तक शहर के कई इलाकों की बिजली गुल रही, जिसके चलते सुबह पानी आपूर्ति नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी में 1200 से ज्यादा मरीज पहुंचे। इससे मरीजों के साथ तीमारदारों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने के शासन के आदेश के बाद भी जिले में बिजली व्यवस्था ठीक नहीं हो पा रही है। रविवार रात करीब 12 बजे शाहबाद गेट क्षेत्र में बिजली चली गई जो सुबह पांच बजे आई। सुबह 10 बजे फिर बिजली गुल हो गई, तब एक घंटे बाद आपूर्ति शुरू हुई। वहीं पहाड़ी गेट और डूंगरपुर में भी यही आलम रहा। यह मोहल्ले भी रात में अंधेरे में डूबे रहे। लोगों ने जागते हुए रात गुजारी। इन इलाकों में आधी रात गुल हुई बिजली सुबह 10 बजे बहाल हुई। इसके चलते सुबह पानी आपूर्ति न होने से नौकरीपेशा लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि फाल्ट सही करने के लिए शटडाउन लिया गया था।

वहीं भीषण गर्मी लोगों को बीमार बना रही है। जिला अस्पताल में सोमवार को सुबह आठ बजे से ही ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए मरीजों की लाइन लगनी शुरू हो गई। कुल 1275 पर्चे बने। इनमें खांसी, सिर दर्द, बदनदर्द, डायरिया और बेचैनी की शिकायत के 500 से अधिक मरीज थे। ऐसे मरीजों को देखने के लिए ओपीडी में चार डॉक्टर की ड्यूटी थी। सभी के कमरों के आगे मरीजों की लाइन लगी नजर आई। डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा। जनरल फिजीशियन डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों में डायरिया की शिकायत है। 30 से 45 वर्ष के लोग बेचैनी, घबराहट के शिकार हो रहे हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button