Rampur News: 12वीं में 98.6 प्रतिशत अंक पाकर सुनैना सैनी अव्वल
रामपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। परीक्षा परिणाम में इस बार भी छात्राओं ने परचम लहराया है। 12वीं में 88.76 प्रतिशत छात्राएं पास हुई हैं जबकि छात्र 76.5 प्रतिशत पास हुए हैं। कुल परिणाम 81.62 प्रतिशत रहा है। 12वीं में शहर के स्मार्ट इंडियन मॉडल स्कूल की छात्रा सुुनैना सैनी ने 500 में से 493 अंक पाकर जनपद में पहला स्थान पाया है। दूसरे स्थान पर बिलासपुर के मिल्टन एजुकेशनल एकेडमी के छात्र मोहम्मद आरिक हैं। इनको 491 अंक प्राप्त हुए हैं। तीसरे स्थान पर दयावती मोदी अकादमी के छात्र देशांक प्रताप सिंह हैं। इनको 487 अंक मिले हैं। 12वीं की परीक्षा में जनपद से 3030 परीक्षार्थी बैठे थे। इनमें 2473 पास हुए हैं। छात्रों में 1758 में 1344 पास हुए हैं। छात्राओं में 1272 में 1129 पास हुई हैं। 90 प्रतिशत से अधिक अंक वाले छात्र-छात्राओं ने विक्ट्री का निशान बनाकर अपनी सफलता का इजहार किया। शहर के प्रमुख विद्यालयों में विद्यार्थियों की इस सफलता पर मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की गई। मेधावी छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को बधाई दी गई। बोर्ड की ओर इस बार टॉपर्स की सूची जारी नहीं की गई है।