Rampur News: शिक्षक तकनीकी शिक्षा को और करें बेहतर
रामपुर। बिलासपुर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के सभी शिक्षक अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा बनाए रखें, ताकि तकनीकी शिक्षा और अधिक बेहतर हो सके। ये बातें बुधवार को संस्थान में आयोजित शिक्षकों की कार्यशाला में मुख्य अतिथि नोडल प्रधानाचार्य डॉ. मो. आसिफ ने कही। बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यशाला में नोडल प्रधानाचार्य ने कहा कि पूरे जिले में पांच आईटीआई संस्थान है। जहां छात्र-छात्राएं अपनी-अपनी ट्रेड के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। संस्थानों में तकनीकी शिक्षकों की कमी को पूरा कराने के लिए लगातार उच्च अधिकारियों से बात हो रही है और रिक्त पदों पर शीघ्र ही शिक्षकों की नियुक्ति होने की संभावना है। कहा कि सीमित संसाधन से ही सीमित शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तकनीकी शिक्षा को और बेहतर ढंग से प्रस्तुति दें। शासन ने स्थानीय आईटीआई के लिए एक आईटी लैब स्वीकृत की है। जिसका शुभारंभ भी शीघ्र होगा। प्रभारी प्रधानाचार्य रमाशंकर तिवारी ने कहा कि उनके संस्थान में शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा सीमित संसाधनों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने संस्थान की प्रगति आख्या भी प्रस्तुत की और सभी से संस्थान का सहयोग करने की अपील की। अंत में सभी ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य को सेवानिवृत्त होने पर विदाई भी दी। इस मौके पर विधायक पुत्र रोहित रवि, माधुरी तिवारी, अभय तिवारी, अजय तिवारी, शिवम मिश्रा, रमेश चंद, अनिल कुमार, निधि पुष्कर, अविशी गुप्ता, गुरप्रीत सिंह, अभिषेक कुमार यादव, मुकेश सक्सेना आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन निधि पुष्कर ने किया

