Rampur News: दुल्हन करती रही इंतजार, नहीं आई बरात, हंगामा

संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Fri, 01 Dec 2023 01:36 AM IST
सैदनगर (रामपुर) । अजीमनगर थाना क्षेत्र में दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा तो हंगामा हो गया। दुल्हन पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस के दबाव के चलते दिन में आने वाली बरात देर रात पहुंच गई।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के इमरता स्थित एक मैरिज हॉल में बृहस्पतिवार को दो लड़कियों की शादी थी। एक बरात तो दोपहर को आ गई लेकिन दूसरी बरात नहीं पहुंची। शाम तक बरात नहीं आई तो मैरिज हॉल में हंगामा हो गया। दुल्हन पक्ष ने फोन से संपर्क कर बरात न आने का कारण पूछा। इस दौरान मालूम हुआ दुल्हा घर से गायब है और शाम तक घर नहीं लौटा है। बरात के नहीं पहुंचने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस हरकत में आई तो दूल्हे के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रात करीब 8:00 बजे दूल्हे को तलाश कर लिया गया। दिन की बरात रात को मैरिज हॉल के लिए रवाना हो गई। रात करीब 9:00 बजे मैरिज हॉल पर बरात पहुंची तो फिर हंगामा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराया। समझौते के बाद निकाह की तैयारी शुरू हो चुकी थी।


