Rampur News: बोर्ड बैठक में नोकझोंक और हंगामे के बीच अनुमोदित हुआ बजट
रामपुर। नगर पालिका परिषद के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक हुई। जिसमें 2.51 अरब रुपये का बजट अनुमोदित किया गया। 2023-24 के बजट में प्रस्तावित 96 करोड़ 28 लाख 55 हजार की आय व एक अरब 46 करोड़ 45 लाख व्यय तथा 2 करोड़ 51 लाख 67 हजार 651 संभावित लाभ समेत 52 करोड़ 68 लाख 12 हजार 651 अवशेष के साथ प्रस्ताव रखे गए। इस दौरान सभासदों ने भी अपनी शिकायतें रखी। इस बीच कई बार सभासदों ने एजेंडे में सिर्फ दो बिंदुओं को रखने पर हंगामा किया। इसके साथ ही अधूरे विकास कार्यों के बारे में नवनियुक्त पालिकाध्यक्ष को बताया। इस बीच कोई प्रस्ताव पर मुहर नहीं लग सकी।
नगर पालिका परिषद सभागार में नवनिर्वाचित पालिका बोर्ड की बैठक मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे नवनिर्वाचित अध्यक्ष सना खानम की अध्यक्षता में शुरू हुई। पालिका अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार ने एजेंडा पढ़कर सुनाया, जिसमें दो एजेंडे आए थे। पहले एजेंडा जिसमें मासिक लेखा माह फरवरी 2022 से मार्च 2023 तक बोर्ड में अवलोकन पर सभासदों ने आपत्ति जताते हुए इसको खारिज कर दिया। सभासदों का कहना था कि पिछली बैठकों से उनको कोई लेना देना नहीं है, नई बैठक में नई बात की जाए। जिसके बाद दूसरा एजेंडा मूल बजट 2023-24 का रखा गया। जिस पर बातचीत हो सकी। इसके बाद पालिकाध्यक्ष सना खानम को कार्य का संचालन करने के लिए अधिकृत करने की स्वीकृति सदन ने दी। इसके बाद लेखाकार अजीमुश्शान ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसके बाद सैय्यद नकवी ने अधिशासी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष की सहमति पर वर्ष 2023-24 की प्रस्तावित आय 96 करोड़ 28 लाख 55 हजार और व्यय एक अरब 46 करोड़ 45 लाख बताते हुए दो करोड़ 51 लाख 67 हजार 651 संभावित लाभ प्रस्तुत किया गया। जिसमें सदन को स्वीकृति दी गई। इसके बाद अध्यक्ष की अनुमति पर सभासदों ने नगर की समस्याओं पर चर्चा शुरू की। इसमें सबसे पहले सभासद अजीउर्ररमान ने व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहली बार दो बिंदुओं का एजेंडा देखा गया है। इसके बाद उन्होंने नगर विकास के प्रमुख सचिव का शासनादेश पढ़कर सुनाया और इसके तहत ही काम करने के लिए कहा। इसके बाद सभासद अलीम खां ने कहा कि जिस तरह से शपथ ग्रहण समारोह में अपमान किया गया था। उसी तरह से इस बार भी यहां बुलाकर अपमान किया जा रहा है। उनके साथ सभासद मुराद कलीम, महफूज आदि ने भी उनका समर्थन किया। इसके बाद सभी सभासदों ने लेखाकार से आय-व्यय का ब्योरा मांगा। जिसमें उन्होंने आय-व्यय का ब्योरा भी बताया। इस दौरान अन्य कई शिकायतों के बीच वार्डों के विभिन्न मुद्दे छाए रहे।
000
43 सभासदों ने यह रखे प्रस्ताव
-नाला गैंग को लिए टीम को बढ़ाया जाए।
-शहर में रखे टैंकों में लीकेज को किया जाए दूर।
-स्ट्रीट लाइटें अच्छी कंपनी की मंगाई जाए।
-मानसून में नालों-नालियों में की साफ-सफाई कार्य
-वार्डों में सड़क और खड़ंजा का निर्माण कार्य
-कांशीराम कालोनी में सड़कें, खंड़जों का निर्माण कार्य