Rampur News: मेलों में साथ लगाते थे दुकानें, अंतिम सफर में भी रहे साथ
स्वार (रामपुर)। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर तीव्र मोड़ पर बेकाबू हुई पिकअप ऊपरी सड़क से नीचे की सड़क पर गिर गई। हादसे में स्वार क्षेत्र के युवक समेत तीन की मृत्यु हो गई। घायल तीनों लोग रामपुर जिले के हैं। तीनों मृतक और दो घायल मेलों और साप्ताहिक बाजारों में दुुकानें लगाते थे। कारोबार के चलते सभी मित्र थे। उनका उत्तराखंड आना-जाना रहता था। हादसे में घायल चालक की पिकअप से सामान भरकर ही सोमवार शाम को उत्तराखंड के जिला पिथौरागढ़ अंतर्गत बेरीनाग में लगने वाले मेले में दुकानें लगाने के लिए जा रहे थे। मंगलवार तड़के पौने चार बजे रास्ते में हादसा हो गया। जान गंवाने वाले तीनों कारोबारी मित्र अंतिम सफर पर भी साथ रहे।
दुर्घटना में स्वार के नरपत नगर निवासी साजिद (25), केलाखेड़ा वार्ड नंबर-5 जिला ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड के निवासी इरशाद अहमद (45), यहीं के असलम अली(40) पुत्र बरकत अली की मृत्यु हो गई। वहीं पिकअप (यूके 18 सीए 6994) चालक सुलेमान पुत्र अमीन शाह (23) निवासी मसवासी, जहरान खां (21) पुत्र रियासत खान मोहल्ला रसूलपुर स्वार और आकाश (20) पुत्र रमेश कश्यप निवासी हरजीतपुर अथवा अजीतपुर रामपुर घायल हुए हैं। घायलों को वहीं के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी के परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहीं रात तक शवों के आने का इंतजार चलता रहा।
स्वार और आसपास के कई गांवों के युवकों का मेलों और साप्ताहिक बाजारों में दुकानें लगाने के लिए अक्सर उत्तराखंड आना-जाना रहता है। इस नाते इनके बीच गहरी मित्रता हो गई है। साजिद चूड़ियों की दुकान लगाता था। वहीं असलम और इरशाद की बिसातखाना की दुकान थी, जबकि जहरान खां और आकाश खिलौनों की दुकान लगाते हैं। मसवासी निवासी सुलेमान की पिकअप से अक्सर सभी आते-जाते थे।