Rampur News: सड़क हादसे में बच्ची की मौत, दंपती घायल
धमोरा (रामपुर)। शहजादनगर थाना क्षेत्र के धमोरा बाइपास पर गांव के सामने मंगलवार सुबह एक डंपर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और मासूम बच्ची सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां मासूम की मौत हो गई।
बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी तेजपाल अपनी पत्नी मीनाक्षी और बेटी नताशा (7) के साथ मुरादाबाद दवाई लेने जा रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही धमोरा बाइपास पर पहुंची, तभी एक डंपर से टक्कर हो गई। हादसे के दौरान बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। इस दौरान डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने नताशा को मृत घोषित कर दिया। वहीं माता-पिता का इलाज किया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। लिखा-पढ़ी के बाद बच्ची के शव को घर ले गए। धमोरा चौकी इंचार्ज राजीव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में बच्ची की मौत हो गई थी। परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया था। जिसके बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया गया।