Rampur News: दुल्हन का इंतजार कर रही थी मां, बेटे का शव पहुंचा घर
शाहबाद (रामपुर)। बलरामपुर में सड़क हादसे में हुई दूल्हे की मौत के बाद घायल फूफा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। खुशियों के मौके पर मातम ने परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं।
शाहबाद के मधुकर गांव निवासी सत्यपाल की बारात 11 जून को जनपद महराजगंज के लिए रवाना हुई थी। 12 जून को शादी तय थी। 11 जून को गांव में बरात चढ़त कार्यक्रम बाद सत्यपाल और अन्य बाराती महराजगंज के लिए बोलेरो में सवार होकर निकल पड़े। सोमवार सुबह में चार बजे उनकी बोलेरो एक ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में बोलेरो में सवार दूल्हा सत्यपाल(20) और उसके चचेरे भाई के ससुर होरीलाल (38) की मौत हो गई थी। जबकि फूफा गंभीर रूप से घायल हुआ था। मंगलवार को उसने भी दम तोड़ दिया। इधर, मंगलवार को दूल्हे का शव गांव में पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मां राजवती और बहन नेमवती फफक कर रो पड़े। गमगीन माहौल में दूल्हे के शव का अंतिम संस्कार हुआ। बाद में परिवार के कुछ लोग जनपद संभल के थाना कुड़फतेहगढ़ क्षेत्र के रीठ निवासी मृतक होरी लाल का शव लेकर उनके गांव पहुंचे। उनके शव का भी अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हादसे में अब तक दूल्हा समेत तीन की मौत हो चुकी है। जबकि दूल्हा के पिता सूरजपाल की हालत गंभीर है।